सनसनी: राजधानी में छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
देहरादून। शिक्षा की नगरी के नाम से पहचाना जाने वाला देहरादून शहर आज एक छात्रा की दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से दहल गया। एक सिरफिरे युवक ने छात्रा को कालेज से बाहर दुकान से खरीददारी करते वक्त गोली मार दी। बहरहाल, हत्या का आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में उसके विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात सहस्त्रधारा रोड स्थित सिद्धार्थ कालेज, डांडा खुदानेवाला में अंजाम दी गई। मृतक छात्रा इसी कॉलेज में डी-फार्मा प्रथम वर्ष की छात्रा बताई जा रही है। गोली लगने के बाद छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामला प्रेम-प्रसंग का बता रही है।

जानकारी के अनुसार,मृतक छात्रा वंशिका बंसल पुत्री अशोक बंसल, निवासी- कृष्णा नगर, ज्वालापुर, हरिद्वार की रहने वाली थी जो यहां दून में कालेज हास्टल में रहती थी। गुरुवार शाम अपनी सहेली ममता के साथ कालेज हास्टल के बाहर एक दुकान में सामान खरीद रही थी। तभी सहपाठी आदित्य तोमर, निवासी- सुन्दरवाला रायपुर, देहरादून अपनी बाइक पर वहां पहुंचा और छात्रा वंशिका को जबरन खींचकर बाइक पर बैठाने लगा। वंशिका ने विरोध किया तो आदित्य ने तमंचे से उसके सीने में गोली मार दी और बाइक व तमंचा छोड़कर फरार हो गया। वंशिका की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और अब सीसीटीवी की फुटेज को जुटाकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है।

