दुखद: पहाड़ में फिर एक वाहन हादसे का शिकार, चालक की मौत, अन्य घायल
नयी टिहरी । शनिवार को पहाड़ में एक और जानलेवा सड़क हादसा होने की खबर आई है। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। मामला टिहरी गढ़वाल जिले का है। जानकारी के अनुसार, तहसील बालगंगा क्षेत्रांतर्गत छतीयार-खवाड़ मोटर मार्ग पर मांदरा नामक स्थान के समीप एक मैक्स वाहन सं०-UK 07TC 1675 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लगभग 15 मीटर खाई में गिर गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में 3 व्यक्ति सवार थे। सभी घायलों को सीएचसी बेलेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान राजीव पंवार पुत्र भारत सिंह पंवार, उम्र -36 वर्ष, निवासी – ग्राम चमियाला तहसील बालगंगा के रूप में हुई है, जो वाहन का चालक बताया जा रहा है।
दुघर्टना में घायल व्यक्तियों के नाम साब सिंह पुत्र दर्मियान सिंह, उम्र – 32 वर्ष तथा राजीव चौहान पुत्र महावीर सिंह, उम्र -26 वर्ष, दोनों निवासी – ग्राम छतियारा तहसील बालगंगा (टिहरी गढ़वाल ) बताए गए हैं।

