दहशत: शिवपुर और ग्रास्टनगंज में गुलदार की दस्तक, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, रात में सतर्क रहने की अपील
कोटद्वार(आरएनएस)। नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-19 शिवपुर, मवाकोट और सनेह क्षेत्र के ग्रास्टनगंज में गुलदार की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार रात गुलदार ने शिवपुर में एक बछिया को मार डाला जबकि ग्रास्टनगंज में सड़क पर घूम रहे एक कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।शिवपुर निवासी अशोक सिंह ने बताया कि रविवार शाम उनकी बछिया गोशाला के भीतर बंधी थी। रात करीब आठ बजे अचानक पहुंचे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटता हुआ बाहर ले गया। जिससे बछिया की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी उनके घर के पास प्रताप कॉलोनी, शिवपुर में गुलदार ने छत से कपड़े उतार रही वृद्धा रामेश्वरी देवी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लगातार हो रही घटनाओं से वन सीमा से सटे क्षेत्रों के लोगों में भय का माहौल है और लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।उधर, सनेह क्षेत्र के गिंवाई स्रोत, ग्रास्टनगंज और कुंभीचौड़ क्षेत्र में भी गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। रविवार रात ग्रास्टनगंज में एक गुलदार सड़क पर घूम रहे कुत्ते को उठाकर जंगल की ओर ले गया। भाबर के मवाकोट में भी गुलदार की दहशत बनी हुई है।
कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र ने बताया कि शिवपुर में बछिया और ग्रास्टनगंज में कुत्ते के शिकार की सूचना प्राप्त हुई है। घटनाओं के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। उन्होंने लोगों से विशेषकर रात्रि के समय अकेले आवाजाही न करने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

