दहशत: चमोली जिले के इस गांव के पास बच्चों के साथ दिखा भालू, सुरक्षा की उठी मांग
चमोली। बेड़ी गांव के पास एक गुफा के पास एक भालू दो बच्चों के साथ दिखा। इससे गांव के लोगों में दहशत है। गत एक सप्ताह से बेड़ी गांव के पास अपने दो बच्चों के साथ एक भालू डेरा जमाए हुए हैं। ग्रामीण नंदन सिंह ने बताया कि जहां भालू है उसके पास से सुगड़, सिलपाटा सहित अन्य गांवों को रास्ता जाता है। महिलाएं यहां घास काटने भी जाती हैं। जब से यह भालू अपने दो बच्चों के साथ दिखाई दिया है तब से ग्रामीणों का उस रास्ते से जाना बंद हो गया है। ग्रामीणों की सूचना पर वन दरोगा मुकेश शाह और वन बीट अधिकारी धीरेंद्र नेगी गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को भालू के नजदीक न जाने की सलाह दी। पूर्व प्रधान दीपक नेगी ने जल्द भालू को पकड़ने की मांग की।
पागल कुत्ते ने तीन लोगों और छह पशुओं को काटा
कर्णप्रयाग। विकासखंड के भटोली गांव में एक लावारिस कुत्ते ने तीन लोगों और छह पशुओं को काट दिया। स्थानीय सुनील गुसाईं ने बताया कि एक लावारिस कुत्ता पिछले कई समय से गांव के लिए खतरा बना हुआ है जो आने जाने वाले लोगों और पशुओं को काट रहा है। इससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। उन्होंने निगम से कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। (प्रतीकात्मक फोटो)

