दलबदल: रतूड़ी और रमन ने छोड़ा कांग्रेस का हाथ, दोनों को भा गया अब ‘आप’ का साथ
देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार का दिन कांग्रेस के लिए बुरी खबर लेकर आया। कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता पार्टी को अलविदा कह गए। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नेता डॉ आर पी रतूड़ी तथा उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष कमलेश रमन ने आज सुबह कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। खबर आई है कि आज ही दोनों नेता आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता डॉ आरपी रतूड़ी और कांग्रेस की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रही कमलेश रमन के साथ आईटी विशेषज्ञ कुलदीप चौधरी ने आज दिल्ली में आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट की अगुवाई में आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में के आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी दिनेश मोहनिया ने तीनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

