आगमन: उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू  

आगमन: उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू  
Spread the love

 

देहरादून। एनडीए (National Democratic Alliance) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू  विशेष विमान से सोमवार सुबह 10 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचीं। एयरपोर्ट पहुंचने पर द्रौपदी मुर्मू का उत्तराखंड पारंपरिक ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से वे सड़क मार्ग से होते हुए देहरादून कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंची। शहीद स्थल पर उन्होंने उत्तराखंड के आंदोलनकारियों और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

सूत्रों के अनुसार, आज उनका देहरादून प्रवास है। इस दौरान मुर्मू मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित सेफ हाउस में पार्टी के सभी बड़े पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों से मुलाकात करेंगी। संसदीय कार्यमंत्री एवं वित्त मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बीजेपी के सभी 47 विधायकों और लोकसभा व राज्यसभा के सभी आठ सांसदों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है।
  गौरतलब है कि आगामी18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होगा। वहीं, 21 जुलाई को मतगणना की तारीख निर्धारित है। ऐसे में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू इन दिनों समर्थन जुटाने के उद्देश्य से राज्यों का दौरा कर रही हैं। इसी क्रम में वह सोमवार को देहरादून आईं हैं।

Parvatanchal