दगाबाजी: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और दहेज की मांग पर रिश्ता तोड़ने का मुकदमा
रुड़की(आरएनएस)। युवक पर युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा मनमुताबिक दहेज न मिलने पर रिश्ता तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी सुकरासा, थाना पथरी निवासी शुभम के साथ तय हुई थी। बीते 24 मई को दोनों पक्षों की मौजूदगी में रिंग सेरेमनी संपन्न हुई, जिसमें पीड़िता के परिजनों ने सोने की अंगूठी, नकदी व सत्कार आदि में करीब दो लाख रुपये खर्च किए थे। विवाह की तिथि नवंबर 2026 नियत की गई थी。
आरोप है कि 31 मई को जब पीड़िता के पिता और मां सामान लेने बाजार गई थीं, तभी आरोपी शुभम घर पहुंचा और शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने रिश्ता तोड़ने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि बीते 30 अगस्त को आरोपी शुभम अपने परिजनों के साथ उनके घर पहुंचा और दहेज में कार, फर्नीचर तथा दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगा।
परिवार का विरोध और आरोपी की धमकी
पीड़िता के माता-पिता ने जब इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और शादी से साफ इनकार कर दिया। साथ ही विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि सगाई से पूर्व युवक को एक कंपनी में सुपरवाइजर बताकर उन्हे धोखे में रखा गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मंगेतर शुभम, उसके पिता राजकुमार, मां रेखा, भाई आशीष और बहन प्रियंका सभी निवासी ग्राम सुकरासा, थाना पथरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

