तहरीर: वृद्ध विधवा की जमीन कब्जाने के प्रयास में चार प्रॉपर्टी डीलरों पर केस

तहरीर: वृद्ध विधवा की जमीन कब्जाने के प्रयास में चार प्रॉपर्टी डीलरों पर केस
Spread the love

देहरादून।  शीशमबाड़ा क्षेत्र में देहरादून-पांवटा हाईवे के समीप स्थित एक कीमती जमीन पर जबरन कब्जा करने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने चार प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक वृद्ध व विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि शिमला बाईपास रोड, आर्केडिया ग्रांट स्थित बालाजी एन्क्लेव निवासी सरोजबाला ने सीओ सदर कार्यालय में तहरीर दी। बताया कि उन्होंने जुलाई 2021 में शीशमबाड़ा में एक जमीन खरीदी थी। हाल में जमीन के दक्षिण दिशा से देहरादून-पांवटा हाईवे बनने के कारण जमीन कीमती हो गई है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर जावेद खान निवासी परबल, नरेंद्र कुमार राणा, दिग्विजय डोभाल और शिव प्रसाद इस जमीन पर जबरन कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। महिला का आरोप है कि इन डीलरों की अपनी जमीन वहां से काफी दूर है। फिर भी वे झूठा दावा कर और डरा-धमका कर उनकी जमीन हथियाना चाहते हैं। पीड़िता के परिजन नौकरी के सिलसिले में शहर से बाहर रहते हैं, जिसका फायदा ये आरोपी उठा रहे हैं। शुरुआती जांच के बाद रविवार को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal