चैंपियनशिप: उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल लीग का चैंपियन बना कॉर्बेट एफसी फुटबॉल क्लब
कोटद्वार। उत्तराखंड फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल लीग 2025-26 का खिताब कॉर्बेट एफसी ने अपने नाम किया। रुद्रपुर स्थित अमेनिटी स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित समापन समारोह में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। टीम की सफलता में हेड कोच अरुण नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व और रणनीतिक मार्गदर्शन में टीम ने पूरे सत्र में शानदार प्रदर्शन किया। क्लब के डायरेक्टर सुभाष अरोड़ा और मैनेजर मयंक पांगरी के कुशल प्रबंधन ने भी टीम की उपलब्धि में अहम योगदान दिया। कॉर्बेट एफसी की ओर से खेल रहे गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी दबदबा कायम रखा। प्रवेश रावत को सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर, नवीन रावत को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर, रोहित कुमार को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और दीपक नेगी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया। समापन समारोह में एशियन कन्फेडरेशन फेंसिंग के महासचिव राजीव मेहता मुख्य अतिथि रहे। गढ़वाल राइफल्स के सूबेदार मेजर शैलेंद्र बिष्ट ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अब आई-लीग 3 में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली कॉर्बेट एफसी से खेल प्रेमियों को बड़ी उम्मीदें हैं।

