हादसा: चलते हुए सवारी वाहन के उपर पेड़ गिरने से एक की मौत,एक घायल
देहरादून। मंगलवार दोपहर वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के सामने चलते वाहन के उपर पेड़ गिरने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार, देहरादून से चकराता जाने वाले नेशनल हाईवे 707 पर एफआरआई के सामने सवारियों से भरी मैक्स के ऊपर अचानक विशालकाय पेड़ गिर गया। मैक्स उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एफआरआई के निकट बारिश के बीच जीप (मैक्स) में प्रेमनगर की ओर जाते समय पेड़ गिर गया। पुलिस और फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर वाहन और पेड़ को सड़क से हटाया है। इस हादसे में वाहन में बैठी सवारियों में से एक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वाहन का ड्राइवर हादसे में बाल-बाल बच गया। किन्तु पेड़ गिरने से वाहन को भी क्षति पहुंची है। बताया जा रहा है कि वाहन चालक सवारियां लेकर विकासनगर से होते हुए नौगांव की ओर जा रहा था, तभी पेड़ गिरने से यह दुखद हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर मौजूद पेड़ काफी पुराने और जर्जर हो गए हैं, जिनके कटान और छंटाई को लेकर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

