गनीमत: सेल्फी के चक्कर में हाथियों के बीच फंसे युवकों को गजराजों ने दौड़ाया, बाल-बाल बच गई जान

गनीमत: सेल्फी के चक्कर में हाथियों के बीच फंसे युवकों को गजराजों ने दौड़ाया, बाल-बाल बच गई जान
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।  सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में छह युवकों ने जान जोखिम में डाल दी। सप्तऋषि घाट के सामने गंगा पार कर हाथियों के झुंड के करीब पहुंचकर सेल्फी और वीडियो बना रहे युवकों पर गजराज दौड़ पड़े। हाथियों को अपनी ओर आता देख युवकों में अफरातफरी मच गई। दो युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए, लेकिन दौड़कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे। घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल रहा। जानकारी के अनुसार बुधवार को छह युवक गंगा स्नान के लिए सप्तऋषि घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान उन्हें गंगा के दूसरी ओर हाथियों का एक झुंड दिखाई दिया। झुंड में आठ से दस हाथी गंगा किनारे विचरण कर रहे थे। रोमांच और सेल्फी के शौक में युवक गंगा पार कर हाथियों के काफी करीब पहुंच गए और मोबाइल से फोटो व वीडियो बनाने लगे। जैसे ही युवकों ने और नजदीक जाने की कोशिश की, हाथी आक्रामक हो उठे। देखते ही देखते हाथियों का झुंड युवकों की ओर दौड़ पड़ा। यह नजारा देखकर सभी युवक जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इस दौरान दो युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गए, जिससे उनकी जान पर बन आई। हालांकि उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए तेजी से दौड़ लगाई और सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे। इसके बाद सभी युवक वापस लौट आए। घटना को घाट पर मौजूद एक युवक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में हाथियों का झुंड युवकों के पीछे दौड़ता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। यदि हाथी कुछ और करीब पहुंच जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवकों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी।
वन विभाग की कार्रवाई :  

‘सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा गया। वन क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करना और वन्यजीवों के करीब जाना जानलेवा साबित हो सकता है। लोगों से अपील की गई है कि फोटो या वीडियो बनाने के लिए वन्यजीवों के निकट न जाएं तथा वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।’

   -शीशपाल सिंह, रेंज अधिकारी

Parvatanchal