खुलासा: सील किए अस्पताल में चोरी करने के आरोप में पांच युवक गिरफ्तार

खुलासा: सील किए अस्पताल में चोरी करने के आरोप में पांच युवक गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  आग लगने पर सील किए गए पैनेसिया अस्पताल में चोरी खुलासा नेहरू थाना पुलिस ने पुलिस ने बुधवार को कर दिया। पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि सभी आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए ही उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। बीते 13 जुलाई को वादी रणवीर सिंह ने पैनेसिया अस्पताल में तोड़फोड़ कर सामान चोरी होने की तहरीर दी थी। बताया कि पिछले 15 दिन में चोरी की दो बार घटना हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार शाम को विधानसभा मार्ग स्थित एक खंडहर भवन में दबिश दी। यहां से पुलिस ने चोरी के आरोप में शुभम उर्फ शिबू, सोहेल, कुलदीप, सरीक उर्फ बोना और सलमान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो एलईडी टीवी, 17 स्टील और 2 पीतल की पानी की टोटियां, 13 स्टील एंगल कॉक, 10 फायर सप्लाई वाल्व, बिजली व तांबे के तार सहित एसी के पाइप बरामद किए हैं। आरोपी सलमान निवासी निकट कारगी चौक फेरी लगाता है। सोहेल मूल निवासी रामपुर टांडा, जिला रामपुर यूपी जोगीवाला में रहकर ठेली लगाता है। इसके अलावा शुभम जोगीवाला, कुलदीप रिस्पनानगर, सरीक उर्फ बोना रिस्पनानगर का रहने वाला है।

Parvatanchal