खुलासा: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी की हत्या का पर्दाफाश, कनाडा का पत्रकार निकला मास्टरमाइंड
चंडीगढ़ । पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबिया की हत्या के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। शनिवार को पुलिस ने दावा किया कि खिलाड़ी की हत्या पेशेवर प्रतिद्वंद्विता के कारण की गई थी। कनाडा में बसे स्नोवर ढिल्लों ने हत्या की साजिश रची, जिन्होंने ओंटारियो में ‘नेशनल कबड्डी फेडरेशन’ बनाई हुई थी। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप की 14 मार्च को जालंधर के मालियान गांव में चल रहे कबड्डी मैच के दौरान पांच अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पंजाब पुलिस द्वारा हत्या को लेकर ढिल्लों सहित करीब दर्जन भर लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस महानिदेशक (DGP) वीके भावरा के मुताबिक, पुलिस को हत्याकांड में ढिल्लों की कथित संलिप्तता की जानकारी फतेह सिंह से पूछताछ के दौरान मिली। फतेह सिंह ने बताया कि स्नोवर ढिल्लों कई कबड्डी खिलाड़ियों को ‘द नेशनल कबड्डी फेडरेशन ऑफ ओंटारियों’ से जोड़ना चाहता था और इस के लिये उसने खिलाड़ियों को मनाने की बहुत कोशिश भी की थी लेकिन उसे सफलता नहीं मिली क्योंकि ज्यादातर मशहूर खिलाड़ी संदीप के प्रबंधन वाली ‘मेजर लीग कबड्डी’ से जुड़े हुए थे। इस वज़ह से ढिल्लों काफी हताश और नाराज़ था।
जालंधर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सतिंदर सिंह का कहना है कि फतेह ने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह कुबूल किया कि स्नोवर ढिल्लों के निर्देश पर उन्होंने अमित डागर, कौशल चौधरी, जगजीत सिंह, लक्की पटियाल और सुखा डुनेके के साथ मिलकर संदीप की हत्या के लिए हमलावरों का इंतजाम किया था। फतेह ने यह भी माना कि उन्होंने स्नोवर के ‘फेडरेशन’ से जुड़ने के लिए कुछ खिलाड़ियों पर दबाव भी बनाया था।
पुलिस ने बताया कि अमृतसर का स्नोवर ढिल्लों इस समय कनाडा के ओंटारियो के ब्रैम्पटन में रह रहा है और वह ‘कनाडा सथ टीवी एवं रेडियो शो’ का निर्देशक और प्रोड्यूसर है। पुलिस ने सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा डुनेके के खिलाफ भी खिलाड़ी को मारने की साजिश करने के लिये मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि सिमरनजीत उर्फ जुझर ने सुखा डुनेके के कहने पर हमलावरों के छुपने के लिए अपने रिश्तेदार स्वर्ण सिंह के घर में जगह मुहैया करायी थी। वह अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। एसएसपी के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लेने का दावा किया है।

