खतरनाक: तेज़ गर्मी में कोटद्वार-दुगड्डा हाईवे पर बढ़ी हाथियों की धमक, चेतावनी बोर्ड न होने से बढ़ा खतरा

खतरनाक: तेज़ गर्मी में कोटद्वार-दुगड्डा हाईवे पर बढ़ी हाथियों की धमक, चेतावनी बोर्ड न होने से बढ़ा खतरा
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  भीषण गर्मी में कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथियों की धमक बढ़ गई है। दरअसल, इन दिनों हाथी राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर खोह नदी में पानी पीने के लिए पहुंच रहे हैं। चौंकाने वाली बात है कि हाईवे पर कहीं भी वन विभाग का चेतावनी बोर्ड तक नजर नहीं आ रहा। कोटद्वार से दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा लैंसडौन वन प्रभाग क्षेत्र से सटा हुआ है। ऐसे में कई बार हाथी जंगल से निकलकर हाईवे पर पहुंच जाते हैं, लेकिन इन दिनों हाईवे पार कर हाथी खोह नदी में पहुंच रहे हैं। हाथी की बढ़ रही धमक से हाईवे से आवागमन करने वालों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। दरअसल, हाईवे पर पांच से अधिक ऐसे स्थान हैं जहां हाथियों का झुंड हाईवे पार कर खोह नदी में पहुंचता है। बकायदा हाथियों ने अपने आवागमन के लिए रास्ता भी बनाया हुआ है। ऐसे में होना तो यह चाहिए था कि वन विभाग इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाता। लेकिन सरकारी सिस्टम अपनी जिम्मेदारी को लेकर लापरवाह बना हुआ है।
राहगीर भी रहें सावधान: हाईवे से होते हुए खोह नदी में उतरने के दौरान कई लोग हाथियों को देखकर उत्साहित हो जाते हैं। ऐसे में वह कई बार उनके नजदीक जाकर फोटो खिंचने लगते हैं। ऐसे में हाथियों का झुंड चिढ़ जाता है। जिससे वह लोगों को पीछे दौड़ने लगता है। कई बार लोग हाथियों के ऊपर पत्थर भी फेंकने लगते हैं। ऐसे में हाथी उग्र हो जाता है। सुरक्षा को देखते हुए राहगीरों को हाथियों के नदी में उतरने का इंतजार करना चाहिए। न कि उनके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करनी चाहिए।

Parvatanchal