कामयाबी: पीआरडी अधिकारी को विजिलेंस ने रिश्वत लेते दबोचा, कार्यालय में मची अफरा-तफरी
रुड़की(आरएनएस)। देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने मंगलवार को नारसन ब्लॉक परिसर में पीआरडी के ब्लॉक अधिकारी को 35 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान ब्लॉक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ देहरादून ले गई। मुंडियाकी गांव निवासी जोगिंदर ने विजिलेंस में शिकायत कर आरोप लगाया गया था कि युवक मंगल दल को मिलने वाली सहयोग राशि जारी करने के एवज में पीआरडी के नारसन ब्लॉक अधिकारी कुलदीप की ओर से 35 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। विजिलेंस ने मामले को गंभीरता से लेकर पहले शिकायत का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
नहर किनारे मिला महिला का सिर कटा शव
दूसरी ओर, कोतवाली क्षेत्र में नहर किनारे मंगलवार को एक महिला का सिर कटा शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 40-45 वर्ष बताई जा रही है। नहर किनारे सिंचाई विभाग के कार्यालय के सामने लोगों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। महिला का सिर धड़ से अलग था। शव मिलने की सूचना कुछ ही देर में आसपास के क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

