कामयाबी: नशे की लत के लिए मोबाइल छीनने वाले दो लोग गिरफ्तार, कब्जे से मिले नौ फोन

कामयाबी: नशे की लत के लिए मोबाइल छीनने वाले दो लोग गिरफ्तार, कब्जे से मिले नौ फोन
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  पटेलनगर क्षेत्र में राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले दो स्नेचरों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटे गए नौ मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटर बरामद हुआ है। पुलिस पूछताछ में पता लगा कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपने नशे की लत पूरा करने के लिए ही इन झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि 20 जुलाई को आस्था एन्क्लेव निवासी रूबीना की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। वह इंडिया मार्ट में नौकरी करती हैं। बीते 15 जुलाई की शाम लगभग 7:30 बजे वह ऑफिस की छुट्टी होने के बाद पैदल ही अपने घर वापस लौट रही थीं।जैसे ही वह ट्रांसपोर्ट नगर में माया फार्म के पास पहुंचीं तभी पीछे से स्कूटी सवार अज्ञात व्यक्ति आए। बदमाशों में एक ने उनके हाथ पर झपट्टा मारा और मोबाइल फोन छीनकर मौके से से फरार हो गए। केस दर्ज कर आईएसबीटी चौकी प्रभारी जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार रात एमडीडीए ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से पीड़िता का छीना गया मोबाइल और आठ अन्य फोन बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल थापा (24) निवासी कबाड़ी बाजार और अली (32) निवासी शकुंतला एन्क्लेव, पटेलनगर के रूप में हुई है। पुलिस बरामद अन्य आठ मोबाइलों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

Parvatanchal