कामयाबी: एचडीएफसी का अधिकारी बनकर एक करोड़ की ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार
देहरादून। एसटीएफ ने एचडीएफसी का सिक्योरिटी अधिकारी बनकर एक करोड़ की ठगी करने वाले दो लोगोें को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार को यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल द्वारा जानकारी देते हुये बताया गया कि जनपद अल्मोड़ा निवासी पीड़ित द्वारा माह अगस्त 2024 में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें कहा गया कि विगत दिनों उन्हें वाट्सअप पर अज्ञात नम्बर से कॉल/मैसेज प्राप्त हुआ। इस नम्बर पर बात करने पर अज्ञात द्वारा खुद को एचडीएफसी सिक्योरिटीज का प्रतिनिधि बताया गया तथा एक वाट्सअप ग्रुप में जुड़ने हेतु कहा गया तथा एचडीएफसी वीआईपी एप्लिकेशन डाउनलोड कर इन्वेस्ट करने हेतु बताया गया। इस एप्लिकेशन में ट्रेडिंग करने के लिये आरोपियों द्वारा वाट्सएप / कॉल के माध्यम से उपलब्ध कराये गये विभिन्न बैंक खातों में लगभग एक करोड़ 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी से जमा करायी गयी। साईबर अपराधियों द्वारा नये जारी होने वाले आईपीओ में अधिक मुनाफे का लालच दिया गया तथा इसमें निवेश करने पर पीड़ित को कुछ ही दिनों में मुनाफे सहित लगभग 08 करोड़ रुपये की धनराशि उनके डेसबोर्ड में प्रदर्शित की गयी। साईबर क्राईम पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बैंक खातों व मोबाइल नम्बरों तथा व्हाटएप की जानकारी हेतु सम्बन्धित बैंकों, सर्विस प्रदाता कम्पनी, तथा मेटा एवं गूगल आदि से पत्राचार कर डेटा प्राप्त किया गया। प्राप्त डेटा के विश्लेषण से जानकारी में आया कि आरोपियों द्वारा पीड़ित व्यक्ति से धोखाधड़ी से ठगी गयी धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानान्तरित किया गया था। उसमें से 48.5 लाख रुपये की धनराशि सेंगर टेलीकॉम नाम से बनायी गयी फर्म के चालू खाते में स्थानान्तरित की गयी थी। बैंक खातों के अवलोकन से प्रकाश में आया कि आरोपियों द्वारा इन बैंक खातों में फर्जी आईडी से लिये गये मोबाईल नम्बरों को एसएमएस अलर्ट के रूप में रजिस्टर्ड किया गया था। जांच में घटना के मास्टर मांइड व मुख्य आरोपियों अभिनव राज सिंह पुत्र रामनरेश सिंह, निवासी श्रीनगर पहाड़पुर चौधकपुर गल्ला मण्डी कानपुर व मुकेश यादव पुत्र अमर सिंह यादव, निवासी बाबानगर नौबस्ता, थाना हनुमन्तनगर, कानपुर को चिन्ह्ति कर आरोपियों की तलाश शुरू की तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु कई स्थानों पर दबिशें दीं, किन्तु आरोपी काफी शातिर किस्म के हैं जो पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से समय-समय पर अपनी लोकेशन बदलते रहते थे। साईबर पुलिस टीम द्वारा अथक मेहनत कर अभिनव राज सिंह एवं मुकेश यादव उपरोक्त को कानपुर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया। एसटीएफ ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

