कामयाबी : उत्तराखंड पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल ब्लास्ट की धमकी देने वाला, आंध्र प्रदेश से किया गिरफ्तार
देहरादून। जनपद नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने जगह- जगह पर बम बलास्ट की धमकी की जिम्मेदारी हिजबुल मुजाहिदीन की बताई। मामले में नैनीताल के थाना तल्लीताल में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना एसटीएफ के अधीन साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन उत्तराखंड देहरादून को स्थानांतरित की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि बीते कुछ समय पूर्व नैनीताल पुलिस के ऑफिशियल पेज पर नितिन शर्मा नाम से फेसबुक यूजर द्वारा खुद को हिजबुल मुजाहिद्दीन आंतकी संगठन का सदस्य बताते हुए जिला नैनीताल को बम ब्लास्ट कर उड़ा देने की धमकी दी गयी थी। मामले की गम्भीरता को देखते हुए प्रकरण में पुलिस ने मल्लीताल थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जिसे बाद में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को स्थानातरित कर दिया गया। मामले में एसटीएफ द्वारा दो टीमों का गठन किया गया, जिसमें से एक टीम को तकनीकी विश्लेषण का दायित्व सौंपा गया जबकि दूसरी टीम को मामले की जांच सौंपी गयी। पहली टीम ने भौतिकी व तकनीकी विश्लेषण से जानकारी प्राप्त की कि उक्त संदिग्ध व्यक्ति का नाम नितिन शर्मा पुत्र सुरेन्द्र शर्मा है और वह दिल्ली का निवासी है, किन्तु उसने अपना धर्म परिवर्तन कर खालिद नाम रख लिया है। पुलिस को आन्ध्रप्रदेश में उसकी मौजूदगी का पता चला। इस पर कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पूर्व भी उक्त व्यक्ति द्वारा 4 अक्टूबर 2022 को नैनीताल कन्ट्रोल रुम को इसी प्रकार की भ्रामक सूचना दी थी,जिसमें नैनीताल के विभिन्न स्थानों में बम ब्लास्ट होने की बात कही गयी थी। फिलहाल उस मामले में पूछताछ की जा रही है कि उसने यह कृत्य क्यों और किसके कहने पर अंजाम दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन उत्तराखंड (देहरादून) के सामने यह अब तक का जटिल व तकनीकी प्रकरण सामने आया है, जिसमें टीम द्वारा कई चुनौतियों का सामना करते हुए 20 दिन विजयवाड़ा व आन्ध्रप्रदेश के विभिन्न जनपदों में जाकर दर्जनों सीसीटीवी खंगाल कर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से आधार कार्ड, ड्राईविंग लाइसेन्स व वोटर आईडी भी बरामद की गयी है।

