एफ आई आर: अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, तलाश शुरू
हरिद्वार। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो किशोरियों के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां भी जानकारी जुटा रही है। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 12 वर्षीय पुत्री 16 जून को घर पर अकेली थी। इसी दौरान वह अचानक घर से कहीं चली गई। जब परिजन घर पहुंचे तो किशोरी वहां नहीं मिली। परिवार ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उधर, रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री 14 जून की रात करीब तीन बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई। सुबह जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि किशोरियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं और विभिन्न माध्यमों से उनकी खोजबीन की जा रही है।

