एक्शन: अव्यवस्थाओं पर सख्त़ हुए कमिश्नर दीपक रावत, आरटीओ से मांगा स्पष्टीकरण और दुकानदार को कराया गिरफ्तार
आरटीओ दफ्तर के बाहर शराब की बोतल व गन्दगी देखकर चढ़ा पारा
बिना लाइसेंस के चल रहे सीएससी सेंटर को कराया सील
हल्द्वानी। तेज़ तर्रार प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर चर्चित कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने आज़ यहां अचानक आरटीओ दफ्तर में छापा मारा तो वहां हड़कंप मच गया। कमिश्नर दीपक रावत को औचक निरीक्षण में दफ्तर में कई सारी अनियमितताएं मिली हैं।
कमिश्नर दीपक रावत ने आरटीओ दफ्तर के बाहर शराब की बोतलें (विभिन्न ब्रांड के 29 निप्स)और गंदगी देखकर कड़ी नाराजगी जाहिर की। शराब की बोतल पाए जाने पर आबकारी विभाग द्वारा धारा 21/60 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही आरटीओ कार्यालय के बाहर दुकानों में भी छापेमारी की गई। कमिश्नर की छापेमारी देख मौके से आरटीओ के बाहर बैठने वाले दलाल फरार हो गए। इस दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी के मौजूद न होने पर नाराजगी जताते हुए आरटीओ का स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा आरटीओ के बाहर बिना लाइसेंस के चल रहा एक कॉमन सर्विस सेंटर( संचालक गौरव चावला) व अनियमितताएं पाए जाने पर सील किया गया।
इस दौरान कमिश्नर ने लाइसेंस बनवाने आए लोगों से बातचीत की और पूरी जानकारी ली। छापेमारी में आरटीओ परिसर के बाहर फास्ट फूड की दुकान शिवालिक रेस्टोरेंट में शराब की बोतलें भी मिलीं, जिनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। कमिश्नर रावत ने आरटीओ परिसर में गंदगी देखने के बाद नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि प्रशासन के अधिकारियों को भी ऐसे दफ्तरों में लगातार औचक निरीक्षण करना चाहिए जो जनता से जुड़े हुए हों। कमिश्नर रावत ने अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। आरटीओ कार्यालय को भी कार्यप्रणाली सुधारने व स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की नसीहत दी। परिसर में लंबे समय से खड़ी गाड़ियों की समय से नीलामी करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विमल कुमार पांडेय, नन्दकिशोर, तहसीलदार संजय सिंह सहित कार्यालय के कार्मिक उपस्थित थे।

