आवाज़: वरिष्ठ वित्त अधिकारी को हटाने को लेकर विवि कर्मियों ने किया धरना प्रदर्शन
नई टिहरी(आरएनएस)। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय मुख्यालय बादशाहीथौल के अधिकारियों और कर्मियों ने विवि के वरिष्ठ वित्त अधिकारी पर अनियमितताओं और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए विवि परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने सचिव वित्त उत्तराखंड को ज्ञापन भेजकर उन्हें शीघ्र हटाने की मांग की।बादशाहीथौल में श्रीदेव सुमन विवि के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि अगस्त 2024 में मनोज कुमार पांडे को विवि में वरिष्ठ वित्त अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था लेकिन वह विवि के शिक्षकों व कार्मिकों का लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. स्वाति नेगी के माध्यम से वित्त सचिव को भेजे ज्ञापन में आरोप लगाया कि पांडे विवि में कार्यों के देयकों का भुगतान लटकाए रखते हैं। अपने निहित स्वार्थ के बिलों का तत्काल भुगतान कर देते हैं। कहा कि पांडे को 2025-2026 में स्मार्ट सिटी का अतिरिक्त प्रभार भी सरकार की ओर से दिया गया है। वह तीन विभागों के वाहन का अनुचित उपयोग कर रहे हैं। मूल विभाग एसटीओ टिहरी, स्मार्ट सिटी से आवंटित वाहन और विश्वविद्यालय से भी वाहन लेकर वित्तीय अनियमितता कर रहे हैं। कहा विश्वविद्यालय को वित्तीय हानि पहुंचाते हुए मोटी रकम अनुबंधित फर्म को भुगतान की गई। विवि में विक्रांत आउटसोर्सिंग फर्म से कार्यरत कार्मिकों को श्रम विभाग की प्रचलित दरों से न्यून दरों पर भुगतान किया है। विवि के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मियों के वेतन का भुगतान बजट होने के बावजूद भी नहीं किया जा रहा है। कर्मियों के जीपीएफ के संबंध में स्पष्ट कार्यवाही नहीं की है। कर्मियों ने वित्त अधिकारी को तत्काल विवि से हटाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. हेमंत सिंह बिष्ट, राहुल सिंह सजवाण, अभिषेक, जयपाल, मनोज, आजाद, सुषमा नेगी,संगीता, सतेंद्र सिंह, दीपक राज, सोहन, बलवीर व रविंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

