आवाज़: ठेला-रेहड़ी व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर नगर निगम में किया प्रदर्शन

आवाज़: ठेला-रेहड़ी व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर नगर निगम में किया प्रदर्शन
Spread the love

 

हल्द्वानी। सोमवार को अपनी मांगों को लेकर शहर के रेहड़ी-ठेला व्यापारियों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न के आरोप लगाए।
अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार रेहड़ी ठेला व्यापारी जूलूस की शक्ल में नगर निगम कार्यालय पहुंचे और स्थाई वेंडिंग जोन दिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कारोबारियों ने आरोप लगाया कि शहर में जिला प्रशासन की ओर से 31 वेंडिंग जोन बनाए गए हैं, लेकिन वेंडिंग जोन ठीक ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। यहां तक कि कारोबारियों को वेंडिंग जोन के लिए आई कार्ड भी जारी किए गए हैं, लेकिन उनको उनके वेंडिंग जोन में काम नहीं करने दिया जाता है। ठेला कारोबारियों का आरोप है कि पूर्व मेयर ने भी ठेला व्यापारियों को वेंडिंग जोन बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन 10 साल से उनको कोई स्थाई वेंडिंग जोन नहीं मिला। निगम और जिला प्रशासन वेंडिंग जोन तैयार तो कर देते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद वेडिंग जोन को उनको बिना बताए समाप्त कर दिया जाता है। जब वहां पर ठेला कारोबारी अपने कारोबार करते हैं तो पुलिस प्रशासन और नगर निगम की टीम उनके सामान को जब्त कर उनका उत्पीड़न करते हैं। ठेला कारोबारियों ने आरोप लगाया कि संविधान के तहत उनको कारोबार करने का अधिकार दिया गया है, लेकिन सरकार के लोग ही उस संविधान का उल्लंघन कर रहे हैं। यहां तक कि ठेला कारोबारी लोन लेकर अपने कारोबार को कर रहे हैं लेकिन पुलिस और नगर निगम प्रशासन के उत्पीड़न के चलते अपना कारोबार भी नहीं कर पा रहे हैं। ठेला कारोबारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक वह नगर निगम जिला प्रशासन के खिलाफ लगातार आंदोलन जारी रखेंगे।

Parvatanchal