आयोजन: कार्यक्रम के जरिए छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
रुड़की। रोटरी क्लब रुड़की एलीट की ओर से शिवालिक पब्लिक स्कूल, डंडेरा में छात्राओं के लिए सर्वाइकल कैंसर रोकथाम एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किशोरियों को बीमारी के कारणों, बचाव और समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता संजिवन अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता गर्ग ने 14 से 26 वर्ष की आयु वर्ग की छात्राओं के लिए एचपीवी टीकाकरण को महत्वपूर्ण बताते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता और समय पर स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से जुड़े जोखिमों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रीति अग्रवाल ने प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से छात्राओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। क्लब अध्यक्ष नीता मित्तल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और बचाव के प्रति सजग करना है।
कार्यक्रम में उर्मिला पुंडीर, मीनाक्षी सिंह, ममता शर्मा सहित विद्यालय का शिक्षक एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

