आफ़त: भारी बारिश से मोटर मार्ग कई जगह ध्वस्त, प्रशासन से आवाजाही सुचारू करने की मांग
उत्तरकाशी(आरएनएस)। हरकीदून क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पर गहरा असर डाला है। तालुका–ओसला निर्माणाधीन मोटर मार्ग कई स्थानों पर ध्वस्त होने से पांच गांवों का संपर्क संकट में पड़ गया है। सड़क धंसने, पहाड़ियों से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने व उफनते बरसाती नालों के कारण आवाजाही जानलेवा बन गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुचारु कराने और मौके पर जेसीबी तैनात करने की मांग की है। बृहस्पतिवार को ओसला के ग्राम प्रधान बृजमोहन लाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम मुकेश रमोला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि सांकरी–तालुका मार्ग पर हलारा और घीया गाड़ उफान पर हैं, जबकि तालुका से आगे निर्माणाधीन सड़क पर भारी मलबा, बड़े-बड़े बोल्डर और धंसे हिस्सों के कारण ओसला, गंगाड़, ढाटमीर, पवाणी सहित पांच गांवों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पत्थर गिरने से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बाधित होने से खाद्यान्न, दवाइयां, दैनिक उपयोग की सामग्री और अन्य आवश्यक सामान गांवों तक नहीं पहुंच पा रहा है। स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि एक अगस्त से बड़ासू पट्टी क्षेत्र के आराध्य देव सोमेश्वर महाराज के पारंपरिक मेले शुरू होने हैं।
मेले की तैयारियों के लिए आवश्यक राशन, पूजन सामग्री और अन्य सामान समय पर नहीं पहुंच पाने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क खोलने, जेसीबी मशीन तैनात करने और संवेदनशील स्थलों पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान बृजमोहन लाल, मीनाक्षी राणा, जगतिमां पंवार, बबीता रावत, रमेश मलाठा, विजय राणा, रमेश चौहान, दीपक राणा, त्रेपन दास, दीपक रावत, गोविंद राणा, प्रेम चौहान, बिशन लाल, रणदेव राणा आदि के हस्ताक्षर हैं।

