आफ़त: कुमाऊं में भारी बारिश के चलते हुआ व्यापक नुकसान, लोगों की बढ़ीं दुश्वारियां

आफ़त: कुमाऊं में भारी बारिश के चलते हुआ व्यापक नुकसान, लोगों की बढ़ीं दुश्वारियां
Spread the love

 

चंपावत। लगातार हो रही बारिश से चम्पावत में व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर भू स्खलन होने से कई भवनों को खतरा पैदा हो गया है। जगह-जगह बिजली और पानी की लाइनें टूट गई हैं। नदी, नाले उफान पर आ गए हैं। जिले के पहाड़ी हिस्से में क्वैराला, लधिया, गंडकी, लोहावती समेत तमाम नदियों का जल स्तर बढ़ गया है। नदी और नाले किनारे मकानों को खतरा बना हुआ है। कई मकानों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लोगों में दहशत बनी हुई है।
अमोड़ी कॉलेज के पहले तल तक पहुंचा पानी
अमोड़ी कॉलेज भवन डूबने की कगार में पहुंच चुका है। यहां प्रचंड वेग से बह रही क्वैराला नदी का पानी कॉलेज भवन के पहले तल तक पहुंच गया है। जिसके चलते भवन को खतरा पैदा हो गया है। इसके अलावा पैरामाउंट पब्लिक स्कूल भवन भी खतरे की जद मे आ चुका है। क्षेत्र वासियों का कहना है लंबे समय से महाविद्यालय भवन की सुरक्षा की मांग की जा रही थी। क्वैराला नदी के विकराल रूप को देख क्षेत्र वासी दहशत में हैं।

छतार में भूस्खलन की जद में आई पोल, लाइन क्षतिग्रस्त
जिला मुख्यालय और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश के कारण नागनी और गंडकी नदियों के उफान पर आने से नदी के किनारे रहने वाले लोग सहमे हुए हैं। कलक्ट्रेट रोड में नदी के कटाव से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि छतार में भूस्खलन के कारण बिजली का पोल गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। छतार में ही एक घर में नदी का पानी और मलबा घुस गया।

क्वैराला नदी में समाया सार्वजनिक शौचालय
बेलखेत में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाया गया सार्वजनिक शौचालय क्वैराला नदी में समा गया। भारी बारिश की वजह से क्वैराला नदी उफान पर आई है। नदी समीप बने मकानों को भी खतरा पैदा हो गया है।
भिंगराड़ा में सड़क धंसी, धर्मशाला ढही
पाटी। पाटी ब्लॉक में लगातार हुई भारी बारिश से धूनाघाट-भिंगराड़ा-रीठासाहिब सड़क का 50 मीटर हिस्सा धंस गया। सड़क से लगे धर्मानंद, गिरीश, देवकीनंदन व हरीश आदि के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। प्रधान प्रतिनिधि रमेश भट्ट ने बताया दुकानों से सामान निकाल कर सुरक्षित स्थान में शिफ्ट किया जा रहा है। ऐड़ी बालकृष्ण मंदिर के पास बनी दो मंजिला धर्मशाला बारिश में ढह गई।

देवीधुरा-वालिक के बीच बंद रही सड़क
देवीधुरा-वालिक के बीच कई स्थानों पर सड़क बंद रही। यहां जमनपौड़ नाले के उफान पर आने से आवाजाही बाधित हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर वालिक चौकी में वाहनों को रोक दिया गया। किमाड़ी धार, धूनाघाट बैंड में भी मलबा आने से सड़क बंद रही। पाटी के रजिस्ट्रार कानूनगो मनोज गहतोड़ी ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए टीम भेजी गई है। न्यू कॉलोनी निवासी भुवन , शंकर , मोहन , आनंद व प्रकाश सिंह ने बताया कि कलमठ बंद होने से उनके घरों में पानी घुस गया।

लोहाघाट में बारिश ने मचाई तबाही

उधर, लोहाघाट में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन हो गया। बाराकोट रोड में पेड़ गिरने से लोग बाल-बाल बचे। कई सड़कों में यातायात ठप हो गया है। बिजली लाइनों में पेड़ गिरने से कई जगह बिजली भी गुल हो गई। लोहाघाट में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने कई जगह तबाही मचाई। बाराकोट रोड में आईटीबीपी आवासीय परिसर के पास चीड़ का विशाल पेड़ गिर गया। इससे यहां आवाजाही बाधित हो गई। हिमवीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ हटाया। छड़खोला के पास पहाड़ी से बोल्डर आने से मार्ग बंद रहा। गल्लागांव-देवलीमाफी सड़क में मलबा आ गया। राइकोट महर गांव में नरेश तिवारी के मकान की सुरक्षा दीवार टूटने से मोटर साइकिल मलबे में दब गई। डिग्री कालेज-गंगनौला-नसखोला सड़क में खड़ी बसंत बल्लभ की बोलेरो गाड़ी भारी बारिश से आए मलबे की चपेट में आ गई। ठाड़ाढुंगा वार्ड की निवर्तमान सभासद मीना ढेक के भवन में देवदार का विशालकाय पेड़ गिर गया। रायनगर चौड़ी में देवकी राय के मकान की सुरक्षा दीवार टूट गई। लाइन टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। ऊर्जा निगम के अभियंता अशोक कुंवर ने बताया आईटीबीपी आवासीय परिसर को जोड़ने वाली 11 हजार केवी की लाइन में चीड़ का पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। लोहाघाट-चौमेल सड़क मलबा आने से पांच जगह बंद हो गई है। बाराकोट सब स्टेशन, गुमौद, ठाडाढुंगा लाइन में पेड़ गिरे हैं। ऊर्जा निगम के कर्मचारी लागातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं।

Parvatanchal