आतंक: भालू की दहशत में जी रहे हैं ग्रामीण, पांच दिन के भीतर मार डाली दूसरी गाय
कोटद्वार(आरएनएस)। पोखड़ा ब्लॉक के कोलागाड क्षेत्र में भालू की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। पाटिल्यूं गांव में पांच दिन के भीतर भालू ने एक ही पशुपालक की दूसरी गाय को भी मार डाला। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।ग्रामसभा कोला के पाटिल्यूं गांव निवासी पशुपालक सतपाल सिंह ने बताया कि गत मंगलवार रात भालू ने उनकी गोशाला की छत तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एक गाय को मार डाला। गोशाला क्षतिग्रस्त होने के बाद उन्होंने बुधवार से अपने मवेशियों को पड़ोसी की बंद पड़ी गोशाला में बांधना शुरू कर दिया था। रविवार रात भालू ने गोशाला की छत तोड़ दी और अंदर बंधी उनकी गर्भवती गाय को मार डाला। सूचना पर सोमवार को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।ग्राम प्रधान कोला किरण देवी, हर्षवर्धन जॉनी ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और भालू से निजात दिलाने की मांग की है। उधर, पोखड़ा के रेंजर नक्षत्र शाह ने बताया कि सूचना मिलने पर कर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया।

