आतंक: घास लेने जा रही 7 महिलाओं पर भालू ने कर दिया हमला, एक की हालत गंभीर

आतंक: घास लेने जा रही 7 महिलाओं पर भालू ने कर दिया हमला, एक की हालत गंभीर
Spread the love

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के जखोली ब्लॉक के बधाणी ताल क्षेत्र के धारकुड़ी गांव में शुक्रवार सुबह घास लेने जा रही महिलाओं के समूह पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में सातों महिलाओं को चोट आई हैं। एक महिला गंभीर घायल है। घायल महिलाओं में एक गर्भवती भी शामिल है। जागरूकता के चलते समूह में जा रही महिलाओं की सूझबूझ से सभी की जान बच पाई और सभी भालू को भगाने में कामयाब रहीं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आरक्षित वन क्षेत्र बधाणी बीट में धारकुड़ी गांव की सात महिलाएं घास लेने गई। झुंड में जा रही महिलाएं जैसे ही घास काटने के लिए तैयार होने लगी तभी अचानक भालू ने हमला कर दिया और सातों चिल्लाने लगी। एक दूसरे का बचाव करने लगीं। दरांती और स्वाल्टे से भालू को भगाने लगीं। इसी बीच एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि सभी को चोटें आईं। इस घटना की सूचना मिलने के बाद सभी घायल महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रणधार लाया गया, जहां गंभीर घायल को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया जबकि कुछ को अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

Parvatanchal