संदिग्ध: पेड़ से लटका मिला पूर्व प्रधान के पति का शव, परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस
रुड़की। खानपुर के सहीपुर में 40 साल के व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई। उसका शव घर से थोड़ी दूरी पर खेत में खड़े एक पेड़ से लटका हुआ मिला। खानपुर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर रही है। खानपुर थाने के सहीपुर गांव निवासी राजेश (40 वर्ष) की पत्नी पूर्व में ग्राम प्रधान रही है। गुरुवार रात राजेश घर पर सोया था। सुबह जागने पर वह कमरे में नहीं मिला तो परिवार के लोग उसे ढूंढने लगे। थोड़ी देर बाद घर से थोड़ी दूरी पर खेत में खड़े एक पेड़ से लटका उसका शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एससो खानपुर धर्मेंद्र राठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इस संबंध में परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
स्क्रैप दिलाने के नाम पर 40 लाख की ठगी
उधर, भगवानपुर थाना क्षेत्र के पुहाना गांव निवासी एक ग्रामीण ने एक युवक पर एल्युमिनियम स्क्रैप दिलवाने के नाम पर 40 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुहाना निवासी नदीम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी स्क्रैप खरीद-फरोख्त की एक फर्म है। इसी क्रम में एक युवक ने उन्हें 5 टन एल्युमिनियम स्क्रैप उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि युवक ने इस सौदे के नाम पर उनसे कुल 40 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो स्क्रैप उपलब्ध कराया और न ही रुपये वापस किए। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो पहले आरोपी ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हारून खान उर्फ अरुण खान निवासी जड़ौदा जट, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक रमेश सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

