आक्रोश: एमएसपी की गारंटी के मुद्दे पर संयुक्त किसान मोर्चा का प्रदर्शन
डब्ल्यूटीओ का पुतला फूंककर किया गुस्से का इज़हार
ऋषिकेश। संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को एमएसपी की गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर डोईवाला में जुलूस निकाला। इस दौरान किसानों ने प्रदर्शन करते हुए डब्ल्यूटीओ का पुतला भी फूंका। कहा कि वह दिल्ली में डटे किसानों के साथ हर कदम पर खड़े हैं। मोर्चा के बैनर तले ट्रैक्टर-ट्राली लेकर डोईवाला स्थित किसान गन्ना समिति पहुंचे। किसान मांगों को लेकर जुलूस निकालते हुए नुन्नावाला तक पहुंचे। किसानों को संबोधित करते हुए मोर्चा अध्यक्ष ताजेंद्र सिंह ने कहा कि किसान मांगों को लेकर शांतिपूर्वक दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें जबरदस्ती रोकने का प्रयास कर रही है। कहीं सड़कों पर किलें बिछा दी गई हैं, तो कहीं आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं। उन्होंने हरियाणा के खनोरी सीमा पर किसान शुभकरण सिंह की गोली लगने से मौत पर गुस्सा जाहिर किया। आश्रितों को मुआवजा और नौकरी की मांग दोहराई। जाहिद अंजुम ने कहा कि किसानों पर डब्ल्यूटीओ की शर्त थोपने का प्रयास हो रहा है, जिससे किसानों को नुकसान झेलना पड़ा। विरोध में उन्होंने डब्ल्यूडीओ का पुतला भी फूंका। बोले, संयुक्त किसान मोर्चा के हर आह्वान पर डोईवाला का मोर्चा साथ खड़ा रहेगा।
प्रदर्शन में उम्मेद बोरा, बलबीर सिंह, सागर मनवाल, मोहित उनियाल, फुरकान अहमद, हरेंद्र बालियान, हरबंस सिंह, गुरुचरण सिंह, करनैल सिंह, मोहम्मद असलम, जगदीश सिंह, नगवीर सिंह, गुरपाल सिंह, गुरविंदर सिंह, भगवान सिंह, चतर सिंह, अनूप नेगी, जगीर सिंह, रविंद्र कुमार, पुनीत कुमार, अयूब हसन, आकिब हसन, आशिक अली, परमजीत सिंह आदि शामिल रहे।

