दहशत: बुजुर्ग को आंगन से उठा ले गया गुलदार, शव बरामद
नई टिहरी। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में आदमखोर तेंदुओं द्वारा इंसानों को मारे जाने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसा ही एक मामला टिहरी जिले में सामने आया है। सोमवार को जिले के नरेंद्रनगर ब्लॉक के अंतर्गत पसर गांव में सुबह के समय शौच के लिये घर से बाहर निकल रहे व्यक्ति को आंगन में दुबके गुलदार ने दबोच लिया और उसे घसीट कर खेतों की तरफ ले गया। अचानक हुए गुलदार के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई। इस घटना के बाद से यहां ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
जिला मुख्यालय पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, पसर गांव निवासी राजेंद्र सिंह रावत (55) पुत्र भगत सिंह सुबह 6 बजे उठकर शौच जाने के लिए कमरे से निकल कर बाहर आया था। तभी आंगन में घात लगा कर बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर मुंह में दबोच लिया और घसीटता हुआ बाहर की तरफ ले गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना का पता चलते ही लोग उसकी तलाश में चल पड़े। लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर राजेंद्र सिंह रावत का शव बरामद कर लिया गया। आदमखोर गुलदार की सक्रियता से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

