बिंदास अंदाज: डेनिस के बहाने फिर भाजपा पर बरसे हरीश रावत, चाय की चुस्की के साथ ली चुटकी

बिंदास अंदाज: डेनिस के बहाने फिर भाजपा पर बरसे हरीश रावत, चाय की चुस्की के साथ ली चुटकी
Spread the love

 

कहा, गुनगुनी धूप में बैठकर चाय का आनंद लीजिए, हिलटॉप, माल्टा और काफल का भी किया जिक्र

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साध रहे हरीश रावत ने अब डेनिस ब्रांड के बहाने एक बार फिर भाजपा नेताओं पर तंज कसा है। हालांकि, इस बार उनके हाथ में शराब का गिलास नहीं, बल्कि चाय का प्याला नजर आया।
हरीश रावत ने अपने गांव मोहनरी से सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में वह गांव की खूबसूरत वादियों और गुनगुनी धूप के बीच चाय का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि सर्दियों के दिनों में गांव की सुबह, गुनगुनी धूप, चारों ओर हरियाली और पहाड़ियों का नजारा मन को सुकून देता है। कुछ आगे बढ़ने पर हिमालय के दर्शन भी होते हैं।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर चुटकी लेते हुए लिखा कि भाजपा के दोस्तों, देखिए मेरे हाथ में डेनिस का गिलास है। मैं अपनी प्यारी गेठी के साथ डेनिस यानी चाय का आनंद ले रहा हूं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के नेता भी गुनगुनी धूप में बैठकर चाय का आनंद लें। डेनिस नहीं तो हिलटॉप, माल्टा और काफल जैसे उनके बनाए ब्रांडों का आनंद जरूर उठाएं।
गौरतलब है कि हरीश रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल में डेनिस नाम से शराब का ब्रांड बाजार में उतारा गया था। उस समय भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरा था। सत्ता परिवर्तन के बाद भी प्रदेश में डेनिस की बिक्री का मुद्दा राजनीतिक बहस का हिस्सा बना रहा। हरीश रावत समय-समय पर भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते रहे हैं। अब चाय के बहाने उन्होंने इसी पुराने राजनीतिक मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है।

Parvatanchal