शिकंजा: दुबई की एप से जुड़कर दून में आईपीएल पर सट्टा लगाने का धंधा चलाते पांच गिरफ्तार
देहरादून। एसटीएफ और दून पुलिस ने बसंत विहार क्षेत्र में चल रहे अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का खुलासा किया गया है। गुरुवार रात आईपीएल के आरसीबी और लखनऊ के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगवाया जा रहा था। मौके से छत्तीगढ़ के पांच आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। सट्टा गिरोह के तार दुबई से संचालित महादेव ऐप और रेडीबुक से जुड़े हैं। एसटीएफ की सूचना पर निरीक्षक अबुल कलाम और बसंत विहार थाना पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। ऋषि विहार कॉलोनी के गोकुलधाम स्थित बिल्डिंग तीसरे तल पर फ्लैट में छापा मारा गया। वहां पांच युवक आईपीएल पर सट्टा खिलवाते पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें इस काम के लिए 30,000 रुपये प्रति माह वेतन, रहने के लिए मुफ्त फ्लैट, खाना और सट्टे की कमाई पर कमीशन दिया जाता है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह और एसएसपी दून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी रेडीबुक वेबसाइट के जरिए सट्टा खिलवाते हैं। इस नेटवर्क का सरगना सुमित यादव है। जो उन्हें यूजर आईडी, पासवर्ड और यूआरएल उपलब्ध कराता था। जांच में यह भी सामने आया है कि भारत में बैन हो चुके महादेव ऐप के दुबई में बैठे मालिकों ने ही नाम बदलकर रेडीबुक ऐप को तैयार किया है। मौके से सुनील शर्मा (19 वर्ष), संदीप गुप्ता (22 वर्ष), अकरंद शर्मा (26 वर्ष) व अभिषेक शर्मा (19 वर्ष) निवासी अम्बिकापुर, सरगुजा (छत्तीसगढ़) और संदीप कुमार (23 वर्ष) निवासी औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बसंत विहार थाने में केस दर्ज किया गया है। जिस फ्लैट में वह पकड़े गए, वह किराये पर लिया हुआ था।
किराए बैंक खातों में लेनदेन: छापेमारी के दौरान अलग-अलग बैंकों के 22 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। जो वरदान खान, विशाल सिंह, करन शर्मा, अमन सागर आदि के नाम पर हैं। सटोरियों के पास इन सभी एटीएम के पिन भी मौजूद थे। पता लगा कि दूसरे लोगों के नाम खुलवाए गए खातों में रकम का लेनदेन होता। खाते खुलवाने वालों से भी पूछताछ की जाएगी कि उन्होंने कितने कमीशन पर अपने खाते बेचे।

