चुनावी हिंसा: कोलकाता में टीएमसी कार्यालय पर चला बुलडोजर, मुर्शिदाबाद में लेनिन की प्रतिमा तोड़ी

चुनावी हिंसा: कोलकाता में टीएमसी कार्यालय पर चला बुलडोजर, मुर्शिदाबाद में लेनिन की प्रतिमा तोड़ी
Spread the love

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद से तनाव बढ़ गया है। अब तक हिंसा में 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर कोलकाता से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें न्यू मार्केट में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दफ्तर और मीट दुकानों पर बुलडोजर चलता दिख रहा है। वीडियो में बुलडोजर के आसपास भाजपा कार्यकर्ता झंडे के साथ दिख रहे हैं, नारे लगा रहे हैं।

वीडियो साझा कर कांग्रेस ने लिखा, ये कोलकाता का न्यू मार्केट है। भाजपा के गुंडे दुकानों और टीएमसी दफ्तर को बुलडोजर से तोड़ रहे हैं। पूरे पश्चिम बंगाल से ऐसी भयानक तस्वीरें और वीडियो आ रहे हैं। भाजपा के गुंडों को मोदी ने खुली छूट दी है, जो चाहो लूट लो, जिसे चाहो मार दो। मोदी और भाजपा की सोच में ही नफरत भरी हुई है। अब पश्चिम बंगाल आग को झेल रहा है। पूरा राज्य गुंडों के हवाले है।

मुर्शिदाबाद के जियागंज में मंगलवार रात को दशकों पुरानी लेनिन की प्रतिमा को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं में तनाव भड़क उठा। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता इसके लिए जिम्मेदार हैं और प्रतिमा को शिवाजी की प्रतिमा से बदलने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जियागंज गायक अरिजीत सिंह का गृह नगर है और मोइत्रा के घर से एक घंटे दूर है।

कोलकाता पुलिस ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि तपोसिया और तिलजाला के कुछ हिस्सों में कुछ उपद्रवियों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया है। पुलिस ने बताया कि इलाके में उपद्रव के 2 मामले दर्ज किए गए हैं और अब तक 40 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पूरे इलाके में पुलिस तैनात है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और सार्वजनिक शांति बिगाड़ने वालों को चेतावनी दी है।

Parvatanchal