असर: सड़क चौड़ीकरण में पहाड़ कटिंग के चलते मलबे से यातायात हो रहा है बाधित
कोटद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ कटिंग का मलबा सड़क पर आने से हाईवे का यातायात दिन में कई बार बाधित हुआ। हालांकि जेसीबी से मलबा हटाकर सड़क यातायात को सुचारू रखने की कोशिश जारी रही लेकिन इस दौरान आधे से एक घंटे तक लोगों को गर्मी में जाम में फंसने से खासी दिक्कत झेलनी पड़ी।
कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौड़ीकरण कार्य किया जा रहा है। कई जगहों पर पहाड़ काटे गए हैं। कई जगह मलबा सड़क पर पड़ा होने और कई जगह मलब पहाड़ से खिसककर सड़क पर आने से हाईवे बाधित हुआ। इससे सतपुली से गुमखाल के बीच अलग-अलग जगहों पर लंबा जाम लगा रहा। सतपुली से गुमखाल की ओर किमी 10 पर कुल्हाड़ गांव के नजदीक, किलोमीटर 15 पर सूल्या गांव के नजदीक हाईवे पर पड़ा मलबा जेसीबी मशीन लगाकर ट्रक में भरा जा रहा था। इस दौरान सड़क से यातायात को रोकना पड़ा। करीब आधे घंटे तक मलबा भरे जाने के दौरान मार्ग पर दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से निकलने में वाहनों को आधे घंटे से अधिक समय लगा। इस तरह भीषण गर्मी में एक घंटे तक जाम में फंसे लोगों की हालत खराब रही। लोगों का कहना था कि जिस समय हाईवे पर यातायात का दबाव अधिक रहता है, उस समय हाईवे पर डंपर और जेसीबी खड़ी कर काम नहीं किया जाना चाहिए।

