भाजपा: रावत और नेगी का टिकट काट कर गैरोला और उपाध्याय को बनाया प्रत्याशी

भाजपा: रावत और नेगी का टिकट काट कर  गैरोला और  उपाध्याय को बनाया प्रत्याशी
Spread the love

देहरादून.। विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने बाकी दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। टिहरी और डोईवाला सीट पर भाजपा की ओर से औपचारिक ऐलान का इंतज़ार किया जा रहा था।  शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विधानसभा क्रमांक 13 और 23 पर किशोर उपाध्याय और बृजभूषण गैरोला के नाम का ऐलान कर दिया। हालांकि दो दिनों से ये अटकलें तेज़ थीं कि उपाध्याय को भाजपा टिहरी से उम्मीदवार बना सकती है, क्योंकि बुधवार को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस से निकाले जाने की खबरों के बाद गुरुवार को ही उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली थी। डोईवाला सीट पर भाजपा का ऐलान समझ से परे माना जा रहा है क्योंकि इस सीट से पहले चर्चा थी कि दीप्ति रावत को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। खबरें कह रही थीं कि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीप्ति रावत के नाम पर लगभग सहमति बन गई थी, लेकिन अंतिम क्षणों में जारी की गई लिस्ट में दीप्ति रावत का पत्ता काट दिया गया और उनकी जगह बृजभूषण गैरोला का नाम घोषित कर दिया गया। वास्तव में यह सीट भाजपा का गढ़ रही है और यहां से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत चुनाव जीते थे। इस बार उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते भाजपा के सामने काफी असमंजस की स्थिति बन गई थी। लेकिन एक दिन पहले तक भाजपा से दीप्ति रावत का नाम  उम्मीदवार के तौर पर लगभग तय हो चुकने के बावजूद ऐन मौके पर उनकी जगह बृजभूषण को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। अंतिम दौर में टिहरी विधानसभा सीट से सिटिंग विधायक डॉ धन सिंह नेगी और डोईवाला से दीप्ति रावत का नाम काट दिए जाने से भाजपा के ठाकुर मतदाताओं में खासा रोष देखने में आ रहा है। भाजपा हाईकमान के इस फैसले को पार्टी के लिए बहुत फायदेमंद नहीं माना जा रहा है।

Parvatanchal