स्मरण: महाराणा प्रताप का जीवन त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक; कांग्रेसियों ने किया नमन
रुद्रपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप की जयंती पर महाराणा प्रताप चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन को त्याग, स्वाभिमान और संघर्ष का प्रतीक बताया। शनिवार को विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। गौरव बेहड़ ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल महान योद्धा ही नहीं, बल्कि स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। पूर्व पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली ने कहा कि उनका जीवन देश और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी समझौता नहीं किया और उनका संघर्ष व बलिदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। इस दौरान संजीव चौधरी, ओमप्रकाश दुआ, सुनीता कश्यप, अशोक मित्रा, नितिन शर्मा, संतोष ठाकुर, मंगली प्रसाद, सरवर हुसैन और दानिश मलिक समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

