आक्रोश: नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत को लेकर सियासत गर्म, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन  

आक्रोश: नाबालिग लड़की की संदिग्ध मौत को लेकर सियासत गर्म, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन  
Spread the love

 

हरिद्वार। दो दिन पूर्व हुई 15 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर विधायक के साथ कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कोतवाली घेरने जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। बाद में कार्यकर्ताओं ने सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस पीड़ित परिवार को न्याय नहीं दिला रही है। परिजनों की ओर से पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि पुलिस अलग बयान दे रही है। कार्यकर्ताओं ने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।   सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ज्वालापुर स्थित बाल्मीकि बस्ती के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए कोतवाली की ओर बढ़े। चौक पर आयोजित सभा में ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में बच्चियों के साथ शोषण की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस पीड़ितों को न्याय नहीं दिला पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य हरिद्वार की बालिका का मामला भी चंपावत प्रकरण की तरह दबाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष लता जोशी और पूनम भगत ने कहा कि कांग्रेस हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, जबकि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं तथा कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सोम त्यागी और संजय सैनी ने आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ित परिवार के साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रही है। उनका कहना था कि समय रहते कार्रवाई होती तो बालिका को बचाया जा सकता था। इस मौके पर एडवोकेट फुरकान अली, पूर्व पार्षद सोहेल कुरैशी, कैलाश प्रधान, मनोज सैनी, सागर बेनीवाल, गौरव चौहान, अमरदीप सिद्धार्थ, अक्षय, गालिब, डॉ. मेहरबान अली, मनोज जाटव, नदीम, महरूफ सलमानी, विशाल प्रधान, यश शर्मा, कार्तिक शर्मा, धर्मपाल सैनी, ऋषभ वशिष्ठ, जावेद, राजू चितकारा, दीपिका गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Parvatanchal