कांग्रेस: किशोर उपाध्याय पर गिरी गाज, हाईकमान ने छीन लिए सभी पद

कांग्रेस: किशोर उपाध्याय पर गिरी गाज, हाईकमान ने छीन लिए सभी पद
Spread the love

संवाददाता
देहरादून, 12 जनवरी । विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच बुधवार को उत्तराखंड कांग्रेस से एक बड़ी खबर आई है। समय समय पर पार्टी लाइन से बाहर जाकर बयान देने वाले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पर आखिरकार गाज गिर ही गई। किशोर को कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी के तमाम पदों से हटा दिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने किशोर को पदों से हटाने की सूचना एक पत्र के जरिए दी है। पत्र में कहा गया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता में लाना चाहती है और बीजेपी के खिलाफ कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है लेकिन इस लड़ाई को आप कमजोर कर रहे हैं। कई बार चेतावनी देने के बाद भी आपकी पार्टी विरोधी गतिविधियां जारी रहीं। इसलिए अगले आदेश तक आपको तमाम पदों से हटाया जाता है। गौरतलब है कि पिछले दिनों किशोर उपाध्याय बीजेपी नेताओं से मिलते हुए पाए गए थे जिसके बाद से कांग्रेसियों में उनके प्रति खासी नाराज़गी दिखाई दे रही थी।

कई मौकों पर किशोर उत्तराखंड में पार्टी के चुनाव अभियान की अगुवाई कर रहे दिग्गज कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की परोक्ष रूप से खिलाफ़त करते भी मीडिया के सामने आए। अब कांग्रेस हाईकमान की ओर से किशोर पर हुई इस कार्रवाई को हरदा विरोधी नेताओं को चेतावनी के तौर पर भी देखा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी हाईकमान को बराबर ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि कांग्रेस में एक धड़े के नेता पार्टी की चुनावी जीत के लिए काम करने की बजाय हरीश रावत को कमजोर करने में अपनी ऊर्जा खर्च कर रहे हैं।

Parvatanchal