अव्यवस्था: चारधाम यात्रा में डग्गामार वाहनों पर बवाल,  संभागीय परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल  

अव्यवस्था: चारधाम यात्रा में डग्गामार वाहनों पर बवाल,  संभागीय परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल  
Spread the love

 

 

ऋषिकेश।  चारधाम यात्रा में डग्गामारी रोकने के दावों के बीच संभागीय परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। हालात ऐसे हैं कि विभागीय अधिकारियों की बजाय स्थानीय टैक्सी-मैक्सी चालक खुद डग्गामार वाहनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर रहे हैं। डग्गामारी से स्थानीय परिवहन कारोबारियों में आर्थिक नुकसान की चिंता भी बढ़ रही है। शनिवार को यात्रा बस अड्डे पर ऐसा ही मामला सामने आया। चमोली से एक मैक्सी वाहन सवारियां लेकर ऋषिकेश पहुंचा। आरोप है कि दोपहर करीब 12 बजे चालक ने एक युवक के माध्यम से महाराष्ट्र के तीन तीर्थयात्रियों को केदारनाथ यात्रा के लिए वाहन में बैठा लिया। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय टैक्सी-मैक्सी संचालकों में नाराजगी फैल गई।संचालकों ने मैक्सी वाहन को चालक समेत बस अड्डा चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जांच के दौरान चालक वाहन के दस्तावेज भी नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया। चौकी प्रभारी देवेंद्र ममगाईं ने बताया कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, चौकी पहुंचे स्थानीय टैक्सी-मैक्सी संचालकों ने परिवहन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि डग्गामारी रोकना संभागीय परिवहन विभाग की जिम्मेदारी है, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण उन्हें खुद ऐसे वाहनों को पकड़ना पड़ रहा है। संचालक हेमंत डंग ने बताया कि पहले यह तय किया गया था कि यात्रा बस अड्डे पर कॉमर्शियल सवारी वाहन प्रवेश नहीं करेंगे, लेकिन इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन लगातार जारी है। मौके पर कुंवर सिंह तड़ियाल, विजेंद्र कंडारी, ललित सक्सेना, अर्पित राजपूत और सुरेंद्र गुनसोला समेत कई संचालक मौजूद रहे।

Parvatanchal