दुखद: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चालक की मौत दो लोग घायल

दुखद: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चालक की मौत दो लोग घायल
Spread the love

पिथौरागढ़। जनपद के थल क्षेत्र में हुई वाहन दुर्घटना में एक शख्स की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, देर रात मुवानी से स्याल्बे जा रही बोलेरो गाड़ी ((संख्या यूके 05 टीए 1476) मुवानी गौबाटी सड़क पर मुंगरौली के पास अनियंत्रित होकर तकरीबन 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में घायल वाहन चालक की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। मृतक की पहचान  स्याल्बे निवासी 31 वर्षीय नरेन्द्र सिंह पानू पुत्र किशन सिंह पानू के रूप में हुई। इस दुर्घटना में वाहन में बैठे दो अन्य लोग घायल हो गये। बताया जा रहा है कि दोनों घायल व्यक्ति वाहन के नीचे लुढ़कने से पहले ही छिटक कर किनारे पर अटक गए थे। घायलों ने गांव में पहुंचकर अन्य लोगों को सूचना दी तो ग्रामीणों ने थाना थल को जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची राजस्व व पुलिस की टीम ने नरेन्द्र सिंह पानू को घायल अवस्था में खाई से निकाला । उपचार हेतु उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुवानी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक नरेंद्र सिंह पानू के साथ गांव के त्रिलोक सिंह पुत्र खड़क सिंह (42 वर्ष) व धीरेंद्र सिंह पुत्र भवान सिंह (35 वर्ष) मुवानी से अपने घर स्याल्बे जा रहे थे। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर उसका शव पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद से गांव में गम का माहौल बना हुआ है।

Parvatanchal