हादसा:अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक दुर्घटनाग्रस्त, पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत
काशीपुर। उत्तराखंड के लिए मंगलवार का दिन सड़क हादसों की खबरों का दिन बन गया। कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में हुई दो भीषण वाहन दुर्घटनाओं के बाद हादसे की तीसरी खबर मैदानी यानी तराई क्षेत्र से आई है, जहां वाहन हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो जाने की सूचना मिली है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की शाम को अपने दो जुड़वां बच्चों के साथ शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से लौट रहे दंपति को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बाजपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यहां प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीपुर के ग्राम दभोरा टांडा मुस्तकम निवासी मित्रपाल अपनी पत्नी सुमन और जुड़वा बच्चों विहान व विमान के साथ पत्नी की चचेरी बहन की शादी में ग्राम रतनपुरा गया था। शादी के बाद सोमवार को मित्रपाल परिवार के साथ बाजपुर में अपने साले के घर गया। देर शाम को वे सब बाइक से घर लौट रहे थे। लेकिन ग्राम रामपुरा के पास पहुंचने पर वे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये। हादसे में पिता मित्रपाल और पुत्र विहान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विमान और सुमन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि बाइक सड़क किनारे पड़ी थी और सभी लोग खून में लथपथ था।
हादसे की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर पट्टी चौकी इंचार्ज दीपक कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाजपुर अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे की खबर मिलते ही सूचना मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

