शिकंजा: मित्र पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 7 देशी तमंचों के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार

शिकंजा: मित्र पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 7 देशी तमंचों के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

 

संवाददाता

रुद्रपुर, 10 सितंबर। आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण करने की मुहिम में जुटी उधमसिंहनगर की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह  के नेतृत्व में गठित टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने इस सिलसिले में आग्नेय हथियारों के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्कर के कब्जे से पुलिस ने सात तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि ये तमंचे यूपी के एटा जिले से उत्तराखंड में बेचने के लिए लाए गए थे। गिरफ्तार आरोपी पहले भी इस क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई कर चुका है।

एसटीएफ की सीओ पूर्णिमा गर्ग के अनुसार, एक गुप्त सूचना पर गठित एसटीएफ और पंतनगर पुलिस की संयुक्त  टीम ने अपना जाल बिछाया। काफी सुरागरसी करने के बाद टीम को शांतिपुरी निवासी शख्स के अवैध असलहों की तस्करी में लिप्त होने का पता चला। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तस्कर विक्रम उर्फ विक्की को शांतिपुरी गेट से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर के सात नये तमंचे बरामद हुए हैं। सीओ ग्रंथि ने बताया कि विक्की यूपी के एटा जिले से तमंचे यहां बेचने के लिए लाया था। अभियुक्त से तमंचे की पूर्व में की गई आपूर्ति के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। 

एसटीएफ के एसपी अजय सिंह के अनुसार, जिले में असलहे बरामद करने की यह पांचवी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले काशीपुर,  पुलभट्टा, सितारगंज व कुण्डेश्वरी में भी काफी अवैध असलहे बरामद हो चुके हैं। विधान सभा के प्रस्तावित चुनावों के मद्देनजर इसे पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। एसटीएफ टीम में उपनिरीक्षक केजी मठपाल,  कांस्टेबल गोविन्द सिंह बिष्ट,  नवीन, गुरवंत सिंह,  राजेश मेहरा, चंद्रशेखर मल्होत्रा, संजय कुमार,  रियाज अख्तर एवं पंतनगर के उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह बिष्ट और कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल थे।

Parvatanchal