आक्रोश: तीमारदारों की अभद्रता से परेशान नर्सिंग स्टाफ ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी
बागेश्वर। जिला अस्पताल में तैनात नर्सिंग स्टाफ ने ड्यूटी के दौरान लगातार हो रहे दुर्व्यवहार और अभद्रता पर नाराजगी जताते हुए चिकित्सा अधीक्षक से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। स्टाफ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो वे कार्य बहिष्कार को बाध्य होंगे। शनिवार को जिला अस्पताल की स्टाफ नर्सों ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तपन शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि नर्सिंग स्टाफ दिन-रात मरीजों की देखभाल, आपातकालीन सेवाओं और अन्य चिकित्सकीय दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहा है, लेकिन पिछले कुछ समय से उन्हें असुरक्षा और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। नर्सों ने कहा कि शाम के समय कई मरीजों के तीमारदार शराब के नशे में अस्पताल पहुंचते हैं और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इसके अलावा कुछ लोग हेल्प डेस्क से संपर्क करने के बजाय स्टाफ के निजी मोबाइल नंबरों पर बात करने का दबाव बनाते हैं, जिससे गंभीर मरीजों की सेवाएं प्रभावित होती हैं और कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने मरीजों से मिलने के लिए निर्धारित समय तय करने और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि भय और दबाव के माहौल में काम करना मुश्किल हो रहा है। इस दौरान रेखा रौतेला, मधु, पूनम, पूनम सिंह, भावना, ममता, उमा, गीतांजलि, दीपा, दीप्ति, इंदु और कविता समेत कई स्टाफ नर्स मौजूद रहीं।

