एम्स: अन्तर्राष्ट्रीय नर्सिंग सप्ताह का बीते रोज समापन, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नर्सिंग अधिकारियों को किया गया पुरस्कृत 

एम्स: अन्तर्राष्ट्रीय नर्सिंग सप्ताह का बीते रोज समापन, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नर्सिंग अधिकारियों को किया गया पुरस्कृत 
Spread the love

 

 

ऋषिकेश। एम्स में मनाए जा रहे अन्तर्राष्ट्रीय नर्सिंग सप्ताह का बीते रोज समापन हो गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले नर्सिंग अधिकारियों सहित मेधावी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उन्हें सम्मानित किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस सप्ताह के उपलक्ष्य में एम्स ऋषिकेश में 6 मई को शुरू हुआ सप्ताह व्यापी कार्यक्रम का बीते रोज समापन हो गया। नर्सिंग सर्विसेज और कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में क्लीनिकल नर्सेस एवं नर्सिंग स्टूडेंट्स की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। सप्ताह भर तक जारी समारोह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें क्विज प्रतियोगिता, पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रतियोगिता, इनोवेटिव आइडिया प्रतियोगिता, जन-जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, स्कूल हेल्थ एजुकेशन कार्यक्रम और संस्थान के नर्सिंग प्रोफेशनल्स द्वारा रिसर्च एब्स्ट्रैक्ट प्रस्तुतिकरण आदि इवेंट शामिल थे।

 

बीते रोज कार्यक्रम के समापन एवं वैलेडिक्टरी समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल ले. जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने कार्यक्रम को सम्बोधित कर प्रतिभागियों को नर्सिंग एक्सीलेंस अवार्ड्स से नवाजा और सी.एन.इ. क्रॉनिकल का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने नर्सिंग सेवा को सर्वोच्च सेवा बताया और कहा कि किसी भी अस्पतााल में सेवा और समर्पण की पहिचान रखने के कारण नर्सों को विशेष सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बिना भेद-भाव के प्रत्येक मरीज की सेवा करना ही नर्सिंग स्टाफ की विशेषता है। संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल को कार्यों को याद करते हुए नर्सिंग सेवा को अस्पताल की रीढ़ बताया और कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम को विख्यात नर्सिंग लीडर व विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड कर्नल बीनू शर्मा ने भी सम्बोधित किया।

समारोह के दौरान राज्यपााल, संस्थान की कार्यकारी निदेशक और कर्नल बीनू शर्मा द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजकों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। समापन दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में क्लीनिकल नर्सेस, नर्सिंग स्टूडेंट्स तथा ब्रिघम यूनिवर्सिटी (यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका) की नर्सिंग छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

 

इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी सत्या श्री, मुख्य नर्सिंग अधिकारी डा. अनिता रानी कंसल, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रिन्सिपल प्रो. स्मृति अरोड़ा, आर्मी नर्सिंग सेवा से (सेनि.) कर्नल बीनू शर्मा सहित नर्सिंग कॉलेज फैकल्टी, डिप्टी नर्सिंग सुपरिटेंडेंट्स (डीएनएस), असिस्टेंट नर्सिंग सुपरिटेंडेंट्स (एएनएस), नर्सिंग ट्यूटर्स, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर्स (एसएनओ) सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी और अन्य मौजूद रहे।

Parvatanchal