हादसा: डंपर की टक्कर से बाइक चालक की मौत, चालक हुआ फ़रार
रुद्रपुर। सिसौना ब्लॉक कार्यालय के सामने रविवार को डंपर की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिडकुल चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही ने बताया कि सिसौना व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 39 वर्षीय नरेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी लामाखेड़ा, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक फरार हो गया, जबकि डंपर सड़क किनारे पलटा हुआ मिला। पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने मृतक के घर पहुंचकर शोक जताया। सोमवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके परिवार में 11 वर्षीय पुत्री और चार वर्षीय पुत्र है। नरेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

