कांग्रेस: गंगा पूजन को तीर्थ नगरी पहुंचे पार्टी नेता महरा व डॉ रावत ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

हरिद्वार। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण महरा व वरिष्ठ नेता डॉ हरक सिंह रावत ने जिला व महानगर कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अमन गर्ग और जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह के साथ शिव मूर्ति चौक स्थित शिव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शिव मूर्ति चौक से वाल्मीकि चौक,पोस्ट ऑफिस, अपर रोड होकर हरकी पैड़ी पहुंचे। इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण महारा ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। कहा कि अब संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। दोनों नेताओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन और दुग्धाभिषेक किया। साथ ही उनका हौसला बढ़ाया।
कांग्रेस के प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने गंगाजल को साक्षी मानकर संकल्प लिया है कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाली, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली, किसानों पर अत्याचार करने वाली और लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ मैदान सबकी एक ही आवाज है लोकतंत्र की रक्षा। डॉ. हरक सिंह शिव मूर्ति चौक से हरकी पैड़ी तक निकाले गए जुलूस के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुंभ क्षेत्र में शराब कारोबार सनातन संस्कृति पर कलंक है। कहा कि जो लोग स्वयं को सनातनी बताते हैं, वे यह कैसे होने दे सकते हैं।


