गनीमत: हवा में अटकीं 170 यात्रियों की सांसें, विमान का इंजन फेल होने पर करनी पड़ी हुई इमरजेंसी लैंडिंग

गनीमत: हवा में अटकीं 170 यात्रियों की सांसें, विमान का इंजन फेल होने पर करनी पड़ी हुई इमरजेंसी लैंडिंग
Spread the love

मुंबई। मुंबई से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान को रविवार देर रात तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान के एक इंजन में गड़बड़ी आने के बाद, पायलट ने फुल इमरजेंसी घोषित की और विमान को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रात करीब 11:38 बजे सुरक्षित उतारा गया। उड़ान संख्या 670 में 170 से अधिक यात्री सवार थे। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से कोलकाता के लिए रवाना हुआ था और गंतव्य के करीब पहुंचने ही वाला था जब पायलट ने इंजन में खराबी महसूस की। तुरंत ही हवाई अड्डा प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने इमरजेंसी घोषित करते हुए आपात लैंडिंग के लिए रनवे खाली कराया।
हवाई अड्डे की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, जिसमें दमकल गाड़ियां, एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ शामिल थे, को रनवे पर तैनात किया गया था। विमान रात 11:27 बजे सुरक्षित उतर गया और 11:38 बजे आपात स्थिति हटा ली गई।
अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। इससे पहले भी सितंबर महीने में पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान को तकनीकी खराबी के चलते उड़ान भरने के तुरंत बाद वापस लौटना पड़ा था। हालांकि उस स्थिति में आपातकालीन लैंडिंग नहीं कराई गई थी।
हाल ही में अहमदाबाद में एयर इंडिया की एक फ्लाइट दुर्घटना के बाद से लगातार कई विमानों में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिससे हवाई सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने इंजन फेल होने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal