बड़ी खबर: एक बार फिर पुष्कर सिंह धामी संभालेंगे उत्तराखंड की कमान
भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया ऐलान
देहरादून। उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री की ताज़पोशी को लेकर की दिनों से जारी अटकलबाजियों पर आखिरकार विराम लग ही गया। निवर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर उत्तराखंड की सत्ता की कमान संभालेंगे। भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया गया है। बैठक में पार्टी के सभी कद्दावर नेता , सांसद , विधायक और पूर्व सीएम मौजूद रहे।
गौरतलब है कि चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद से अब तक कई नाम मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल रहे। हालांकि इनमें भी ज्यादातर नाम पार्टी की बजाय मीडिया द्वारा प्रोजेक्ट किए जा रहे थे। लंबी कशमकश के बाद सोमवार 21 मार्च को भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में सारी कयासबाजी, जोड़तोड़ और मीडिया द्वारा प्रस्तुत संभावनाओं को धता बताते हुए पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया।

सोमवार को मुख्यमंत्री के चयन को लेकर हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम की घोषणा की । इस दौरान पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता , सांसद , विधायक और पूर्व सीएम मौजूद रहे। नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम का एलान होने के बाद अब मंत्रिमंडल में शामिल होने की जोड़तोड़ शुरू हो गई है। पार्टी स्तर पर भी मंत्रिमंडल को लेकर मंथन चल रहा है। इस बार मंत्री पद के दावेदार भी मज़बूत जोड़-तोड़ में जुटे हुए हैं
