हादसा: बस की टक्कर से माता-पिता गंभीर रूप से घायल, बेटी का हाथ फ्रैक्चर, चालक फरार
पथरी। मुस्तफाबाद उर्फ पदार्था के बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दंपती और उनकी बेटी को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्ची के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दंपती की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हरसीवाला निवासी अमित कुमार ने फेरूपुर चौकी में दी तहरीर में बताया कि उनके भाई सुमित अनुराग 12 सितंबर को पत्नी निशु और बेटी जिया के साथ स्कूटी से हरिद्वार दवाई लेने गए थे। शाम करीब छह बजे तीनों स्कूटी से घर लौट रहे थे। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर मुस्तफाबाद उर्फ पदार्था बस स्टैंड के पास पहुंचते ही लक्सर की ओर से आ रही बस के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में जाकर उनकी स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित, निशु और जिया सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को धनपुरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन तीनों को ज्वालापुर स्थित भूमानंद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजनों के मुताबिक सुमित और उनकी पत्नी निशु की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बेटी जिया के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

