आपबीती: महिलाओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से की भेंट ,समस्याओं से कराया अवगत

आपबीती: महिलाओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से की भेंट ,समस्याओं से कराया अवगत
Spread the love

कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम के विभिन्न वार्डों की महिलाओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी से मुलाकात कर राशन कार्ड सत्यापन सहित अन्य कार्यों में आ रही समस्याओं को उनके समक्ष रखा, जिस पर पूर्व मंत्री ने महिलाओं को समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। रविवार को निगम के पदमपुर, शिवपुर काशीरामपुर व कौड़िया सहित अन्य वार्डों की महिलाएं पूर्व कैबिनेट मंत्री के आवास पर पहुंची और उनके समक्ष समस्याओं को रखा। महिलाओं ने प्रमुख रूप से राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया में हो रही कठिनाई, पेयजल लाइन बिछाने के कारण सड़कों का टूटना व गड्ढों में बदल जाना तथा बंदरों के आतंक से हो रही परेशानी को पूर्व मंत्री के समक्ष उठाते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया को इतना जटिल बना दिया गया है कि आमजन को बार-बार तहसील, सप्लाई ऑफिस व पटवारी कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं नई पेयजल लाइन बिछाने के काम के दौरान सड़कों को पूरी तरह से तोड़ दिया गया है, जिससे सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। इसके कारण स्कूटी व पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बंदरों के आतंक से महिलाएं व बच्चे भी भयभीत हैं, क्योंकि बंदर घर में घुसकर लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इस पर पूर्व कैबिनेट मंत्री ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि वे इन समस्याओं के समाधान हेतु हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे डीएसओ पौड़ी से तत्काल बातचीत कर राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने की पहल करेंगे, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों से निजात मिल सके। इस मौके पर ललिता देवी ,सीमा देवी, सीमा चौहान, दुर्गा देवी ,कविता देवी, मालती देवी, सरिता देवी, नीलम थापा देवी, रचना देवी, ललिता देवी, कादंबरी देवी, सोनिया देवी, रजनी देवी, प्रियंका देवी,रश्मि देवी, सीता देवी, सविता देवी, पूजा भंडारी , कंचन भंडारी व सविता देवी आदि महिलाएं उपस्थित थी।

Parvatanchal